इंदौर में दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम चयन के लिए पहुंचे 70 खिलाड़ी, जानिये खेल के नियम
छन्ना..छन्ना… की आवाज के साथ मैदान में दौड़ती गेंद। सिर्फ आवाज से अंदाज लगाकर शॉट खेलते बल्लेबाज और फिर उसी आवाज के सहारे गेंद को रोकने का प्रयास करते क्षेत्ररक्षक। क्रिकेट के इस अनोखे खेल को खेलने प्रदेश के विभिन्ना जिलों से दृष्टिबाधित खिलाड़ी सोमवार को शहर के कैट रोड़ स्थित मैदान पर इकट्ठा हुए। सामान्य क्रिकेटर आंखों से गेंद देख सकते हैं, शॉट खेल सकते हैं। मगर दृष्टिबाधित क्रिकेटर कानों की मदद से गेंद को देखते हैं। मप्र टीम के कप्तान सोनू गोलकर ने बताया कि यहां प्रदेश के विभिन्न जिलों के 70 खिलाड़ी आए हुए हैं। सोमवार को सुबह ठंड और बारिश की फुहारों ने भी इन क्रिकेटरों का हौसला कम नहीं होने दिया। हरदा जिले के सुदूर झाडपा गांव निवासी 22 साल के राधेश्याम धुर्वे दोनों आंखों से देख नहीं सकते, लेकिन हरफनमौला क्रिकेटर हैं। घर की हालत बहुत खराब है और इंदौर में दृष्टिबाधितों की मदद करने वाली एक संस्था में रहकर पढ़ाई करते हैं। राधेश्याम बताते हैं कि 2014 में इंदौर में जब भारत और इंग्लैंड के बीच मैच हुआ था तो मेरी भी क्रिकेट खेलने की इच्छा हुई। तभी से इस खेल से जुड़ा। चेहरे पर भोली मुस्कान लिए राधेश्याम कहते हैं कि राष्ट्रीय टीम में जगह बनाकर देश का नाम रोशन करना चाहता हूं।
भारतीय दृष्टिबाधित टीम के सदस्य सोनू बताते हैं यहां अधिकांश खिलाड़ी बेहद गरीब परिवारों से ताल्लुक रखते हैं। हमें सरकार से भी मदद नहीं मिलती। मगर खिलाड़ियों में बहुत हौसला है। मैदान पर आकर वे अपनी शारीरिक कमजोरी को पीछे छोड़ जीत के लिए पूरी मेहनत करते हैं।
स्थानीय कोच दिलीप करम्बेलकर ने बताया कि दृष्टिबाधित क्रिकेट के नियम अलग होते हैं। यहां से चुनी गई टीम फरवरी माह में बेंगलुरू में आयोजित राष्ट्रीय स्पर्धा में हिस्सा लेगी।
ऐसे होते हैं नियम :
दृष्टिबाधित खिलाड़ियों को तीन वर्गों (बी-1, बी-2, बी-3) में बांटा जाता है।
बी-1 : यह पूर्णतः दृष्टिबाधित खिलाड़ी होते हैं। प्रत्येक टीम में ऐसे चार खिलाड़ी होना अनिवार्य है। इनके द्वारा बनाए प्रत्येक रन के दोगुने स्कोर में जुड़ते हैं। ऐसे प्रत्येक खिलाड़ी से गेंदबाजी कराना जरूरी है।
बी-2 : इन्हें धुंधला या बहुत कम दिखाई देता है। प्रत्येक टीम में ऐसे चार खिलाड़ी होते हैं।
बी-1 : इन्हें एक आंख से दिखाई देता है। टीम में ऐसे अधिकतम तीन खिलाड़ी हो सकते हैं।