91.5 रुपए सस्ता हुआ कमर्शियल सिलेंडर, जानिए आपके शहर में क्या हैं घरेलू सिलेंडर के दाम
हर महीने की पहली तारीख को सरकारी तेल कंपनियों रसोई गैस (LPG) के दामों की समीक्षा करती है। 1 फरवरी 2022 को ही पेश होने वाले देश के आम बजट से पहले अच्छी बात यह है कि कमर्शियल रसोई गैस सिलेंडर के दामों में बड़ी कटौती की घई है। कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 91.5 रुपये की कटौती हुई है। आम आदमी के लिए यह राहत देने वाली खबर है। वहीं घरेलू 14.2 KG सिलेंडर के दामों में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है। जानकारी के मुताबिक, फरवरी माह में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में नॉन-सब्सिडी वाले घरेलू सिलेंडर का रेट अभी 899.50 रुपए ही रहेगा। वहीं, कोलकाता वालों को 14.2 किलो वाला घरेलू एलपीजी सिलेंडर 926 रुपए में मिलेगा। मुंबई में भी दिल्ली वाला रेट ही रहेगा, जबकि चेन्नई में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की 915.50 रुपए रहेगी।
बता दें, अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। इसके बावजूद देश मे न पेट्रोल-डीजल महंगा किया जा रहा है और ना ही रसोई गैस के दाम बढ़े हैं। माना जा रहा है कि सरकार ने पांच राज्यों (यूपी, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर) में विधानसभा चुनावों को देखते हुए यह फैसला लिया है। इससे पहले 6 अक्टूबर को रसोई गैस के दाम बढ़ाए गए थे। उसके बाद से दामों में कोई बदलाव नहीं आया है। यानी तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को समीक्षा करती हैं, लेकिन नवंबर 2021, दिसंबर 2021, जनवरी 2022 और अब फरवरी 2022 में कोई बदलाव नहीं किया गया है।